प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 में भी रोहिले राजपूतों ने अपना योगदान दिया। ग्वालियर के किले में रानी लक्ष्मीबाई को हजारों की संख्या में रोहिले राजपूत मिले। इस महायज्ञ में स्त्री पुरुष सभी ने अपने गहने धन आदि एकत्र कर झाँसी की रानी के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए सम्राट बहादुरशाह - जफर तक पहुँचाए । अंग्रेजों ने ढूंढ-ढूंढ कर उन्हें काट डाला जिससे रोहिले राजपूतों ने अज्ञातवास की शरण ली।
राजपूतों की हार के प्रमुख कारण थे हाथियों का प्रयोग, सामंत प्रणाली व आपसी मतभेद, ऊँचे व भागीदार कुल का भेदभाव (छोटे व बड़े की भावना) आदि ।
सम्वत 825 में बप्पा रावल चित्तौड़ से विधर्मि को खदेड़ता हुआ ईरान तक गया । बप्पा रावल से समर सिंह तक 400 वर्ष होते हैं, गहलोतों का ही शासन रहा। इनकी 24 शाखाएँ हैं। जिनके 16 गोत्र (बप्पा रावल के वंशधर) रोहिले राजपूतों में पाए जाते हैं।
चित्तौड़ के राणा समर सिंह (1193 ई.) की रानी पटना की राजकुमारी थी इसने 9 राजा, 1 रावत और कुछ रोहिले साथ लेकर मौ. गोरी के गुलाम कुतुबद्दीन का आक्रमण रोका और उसे ऐसी पराजय दी कि कभी उसने चित्तौड़ की ओर नहीं देखा ।
रोहिल्ला शब्द क्षेत्रजनित व 'मूल पुरुष' नाम जनित है। यह गौत्र जाटों में भी रूहेला, रोहेला, रूलिया, रूहेल, रूहिल, रूहिलान नामों से पाया जाता है। रूहेला गौत्र जाटों में राजस्थान व
उ.प्र. में पाया जाता है। रोहेला गौत्र के जाट जयपुर में बजरंग बिहार ओर इनकम टैक्स कालोनी टौंक रोड़ में विद्यमान है। झुनझुनु, सीकर, चुरू अलवर, बाडमेर में भी रोहिल्ला गौत्र के जाट विद्यमान हैं। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रोहेला गौत्र के जाटों के बारह गाँव हैं। महाराष्ट्र में रूहिलान गौत्र के जाट वर्धा में केसर व खेड़ा गाँव में विद्यमान हैं।
मुगल सम्राट अकबर ने भी राजपूत राजाओं को विजय प्राप्त करने पश्चात् रोहिल्ला- उपाधि से विभूषित किया था, जैसे राव, रावत, महारावल राणा, महाराणा, रोहिल्ला, रहकवाल आदि ।
"रोहिल्ला - राजपूत" समाज, क्षत्रियों का वह परिवार है जो सरल हृदयी, परिश्रमी, राष्ट्रप्रेमी, स्वधर्मपरायण, स्वाभिमानी व वर्तमान में अधिकांश अज्ञातवास के कारण साधन विहीन हैं। 40 प्रतिशत कृषि कार्य से, 30 प्रतिशत श्रम के सहारे व 30 प्रतिशत व्यापार व लघु उद्योगों के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं। इनके पूर्वजों ने हजारों वर्षों तक अपनी आन, मान, मर्यादा की रक्षा के लिए बलिदान दिए हैं और अनेकों आक्रान्ताओं को रोके रखने में अपना सर्वस्व मिटाया है। गणराज्य व लोकतंत्रात्मक व्यवस्था को संजीव बनाये रखने की भावना के कारण वंश परंपरा के विरुद्ध रहे, करद राज्यों में भी स्वतंत्रता बनाये रखी। कठेहर रोहिलखण्ड की स्थापना से लेकर सल्तनत काल की उथल पुथल, मार काट, दमन चक्र तक लगभग आठ सौ वर्ष के शासन काल के पश्चात् 1857 के गदर के समय तक रोहिले राजपूतों ने राष्ट्रहित में बलिदान दिये हैं। क्रूर काल के झंझावातों से संघर्ष करते हुए क्षत्रियों का यह 'रोहिल्ला परिवार' बिखर गया है, इस समाज की पहचान के लिए भी आज स्पष्टीकरण देना पड़ता है। कैसा दुर्भाग्य है? यह क्षत्रिय वर्ग का । जो अपनी पहचान को भी टटोलना पड़ रहा है । परन्तु समय के चक्र में सब कुछ सुरक्षित है। इतिहास के दर्पण में थिरकते चित्र, बोलते हैं, अतीत झाँकता है, सच सोचता है कि उसके होने के प्रमाण धुंधले - धुंधले से क्यों हैं? हे क्षत्रिय तुम धन्य हो, पहचानो अपने प्रतिबिम्बों को'-
"क्षत्रिय एकता का बिगुल फूँक सब धुंधला-धुंधला छंटने दो। हो अखंड भारत के राजपुत्र खण्ड-खण्ड में न सबको बंटने दो" ।।